संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर नगर पंचायत की बैठक, स्वच्छता व जल निकासी पर बना ठोस प्लान
रामबाबू मिश्रा।
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। आदर्श नगर पंचायत रामसनेहीघाट सभागार में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर आयोजित बैठक में साफ-सफाई, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था को लेकर ठोस रणनीति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी की मौजूदगी में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव ने कहा कि “स्वच्छता ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। स्वस्थ नगर ही सुरक्षित नगर की पहचान है।” उन्होंने कर्मचारियों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और हर वार्ड में सतत निगरानी व जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी ने निर्देश दिए कि नगर में कहीं भी जलभराव न हो, सभी स्ट्रीट लाइट सुचारु रूप से संचालित रहें और प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनसहभागिता जरूरी है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित सफाई और जलभराव रोकने में सहयोग करना होगा।









