संघ कार्य विस्तार को लेकर कैलाशपुरी आश्रम में बैठक संपन्न

संघ कार्य विस्तार को लेकर कैलाशपुरी आश्रम में बैठक संपन्न

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख विजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को सफदरगंज स्थित कैलाशपुरी आश्रम में संघ कार्य विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत संगठन मंत्र के साथ हुई। इस अवसर पर जिला प्रचार प्रमुख विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के विचार, संस्कार और कर्म पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूंजी है। जिस देश का युवा जागरूक, संस्कारित और संगठित होता है, वह देश स्वतः ही विकास और वैभव के शिखर पर पहुंचता है।” उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर, अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनने का संदेश देते हुए कहा कि केवल व्यक्तिगत उन्नति ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के उत्थान को भी जीवन का लक्ष्य बनाना चाहिए। यदि युवा अपने जीवन में अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों को अपनाएं, तो देश को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। बैठक में युवाओं से अपील की गई कि वे व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें। इस दौरान स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा, स्वावलंबन, जल, जंगल, जमीन और पशुपालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर खंड संघ चालक अरविंद कुमार राजपूत, खंड कार्यवाहक सतीश सोनी, संपर्क प्रमुख कुशमेश, प्रचार प्रमुख सतीश, बौद्धिक प्रमुख राकेश कश्यप, सेवा प्रमुख अनिल, दीपक गुप्ता, ग्राम प्रधान विनय वर्मा, डॉ. राम मनोहर प्रजापति, सर्वेश, जितेंद्र गुप्ता, सुरजन मास्टर, अवधेश कुमार वर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।