निष्पक्ष जन अवलोकन l
रामनगर (बाराबंकी)। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में आयोजित फाल्गुनी मेले के सकुशल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए महादेवा ऑडिटोरियम में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा उनके पुलिस समकक्ष अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नामित सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में समय से उपस्थित रहकर सतत भ्रमणशील रहें। प्रत्येक अधिकारी अपने सेक्टर में भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत, संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा सेवा भाव से दायित्वों का निर्वहन हो। किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए।
जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ सेक्टरों की नियमित निगरानी रखें, विभागों के बीच समन्वय स्थापित करें और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न होने दें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट्स पर पूर्ण सतर्कता के साथ तैनात रहें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।