रायबरेली में अवैध कटान माफियाओं पर दोहरी तस्वीर: डलमऊ में गिरफ्तारी, महाराजगंज में FIR के बाद भी कार्रवाई ठप
निष्पक्ष जन अवलोकन
रायबरेली। जिले में अवैध पेड़ कटान का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। एक ओर थाना डलमऊ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध कटान में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत लकड़ी बरामद की, वहीं दूसरी ओर महाराजगंज थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से सवाल खड़े हो रहे हैं।
डलमऊ थाना पुलिस ने वन विभाग की सूचना पर घोरियाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से काटे गए आम के पेड़ की लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रिकू उर्फ राघवेंद्र पुत्र रज्जन सोनकर निवासी खटिकाना/घोरियाना थाना डलमऊ को गिरफ्तार कर लिया। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया गया कि वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि पेड़ की अधिकांश लकड़ी हटाई जा चुकी थी और शेष लकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर ले जाई जा रही थी। पीछा कर वाहन को पकड़ा गया और पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी ओर, महाराजगंज थाना क्षेत्र में 4 अप्रैल को रवि मौर्य निवासी बंदीपुर थाना मिल एरिया के खिलाफ अवैध कटान के मामले में FIR संख्या-0033 दर्ज की गई थी, लेकिन करीब लंबे समय बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में अवैध कटान माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और क्षेत्र में खुलेआम पेड़ों की कटाई जारी है।
एक तरफ डलमऊ पुलिस की सक्रियता सराहनीय मानी जा रही है, तो दूसरी तरफ महाराजगंज पुलिस की निष्क्रियता प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों ने वन संपदा बचाने के लिए अवैध कटान माफियाओं पर सख्त और समान कार्रवाई की मांग की है।









