रायबरेली पुलिस का ‘ऑपरेशन पहिया’: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 शातिर गिरफ्तार, 5 लग्जरी कारें बरामद

लॉक तोड़कर मिनटों में उड़ाते थे गाड़ियां, बिहार-बंगाल में करते थे बिक्री

रायबरेली पुलिस का ‘ऑपरेशन पहिया’: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 शातिर गिरफ्तार, 5 लग्जरी कारें बरामद

निष्पक्ष जन अवलोकन 

धीरेन्द्र कुमार 

रायबरेली। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 5 कारें, कई उपकरण और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 को थाना बछरावां क्षेत्र में काले रंग की स्कॉर्पियो चोरी होने की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से लगातार जांच की जा रही थी।

इसी क्रम में 15 मार्च 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर बछरावां पुलिस ने हरदई शारदा नहर महाराजगंज मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी की 5 कारें, स्कॉर्पियो, आर्टिगा, किआ और हुंडई जैसी गाड़ियां बरामद की गईं।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों का लॉक तोड़कर अंदर घुस जाता था और पहले से तैयार ईसीएम (इंजन कंट्रोल मॉड्यूल) लगाकर कुछ ही मिनटों में गाड़ी स्टार्ट कर लेता था। इसके बाद चोरी की गाड़ियों को बिहार और पश्चिम बंगाल में बेच दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में बुलंदशहर, एटा, मऊ, संतकबीरनगर, जमुई (बिहार), हरिद्वार (उत्तराखंड) और सतपुड़ा (बिहार) के रहने वाले युवक शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लॉक तोड़ने के उपकरण, ऑटो डायग्नोस्टिक स्कैनर, ईसीएम, इग्निशन लॉक, टूल किट और अन्य सामान भी बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही इनके खिलाफ विभिन्न जनपदों में दर्ज मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।