मेले में अव्यवस्थाएं बरकरार, श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

मेले में अव्यवस्थाएं बरकरार, श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

निष्पक्ष जन अवलोकन l

रामनगर (बाराबंकी)। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा फाल्गुनी मेले में जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कई व्यवस्थाएं अभी भी पटरी पर नहीं आ सकी हैं। बुधवार को मेला क्षेत्र में अव्यवस्थाओं का नजारा देखने को मिला, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मेला परिसर में जहां पानी का टैंकर खड़ा किया गया है, वहीं से पानी बहकर आसपास के क्षेत्र में फैल गया, जिससे कीचड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी स्थान से कांवरिया एवं श्रद्धालु पेयजल लेने पहुंच रहे हैं, जिससे फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की तत्काल आवश्यकता है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं दिखाई दी। मंदिर से विश्वकल्याण द्वार होते हुए महादेवा चौकी तक जाने वाले मार्ग के किनारे कई स्थानों पर प्रकाश की कमी है। रात्रि के समय अंधेरा रहने से श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाई होती है और सुरक्षा की दृष्टि से भी यह चिंताजनक है।

मेला बाग में लगी कई दुकानों पर अभी तक रेट बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। बिना मूल्य सूची के सामानों की बिक्री से लेनदेन को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि सभी दुकानदारों को रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए जाएं।

श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को मेले की व्यवस्थाओं पर और अधिक गंभीरता से निगरानी रखनी चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।