महिला के पर्स से चोरी करने वाली दो महिलाओं को लोगों ने पकड़कर पुलिस हवाले किया ,
निष्पक्ष जन अवलोकन l विजय राम जायसवाल l फतेहपुर (बाराबंकी ) l कस्बे में ई-रिक्शा में यात्रा कर रही एक महिला के पर्स से चोरी करने वाली दो महिलाओं को लोगों ने पकड़कर पुलिस हवाले किया , पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एडौंरा बिशुनपुर निवासी रेश्मा प्रजापति अपने मायके चांदपुर, सीतापुर जा रही थीं। वह फतेहपुर कस्बे के पटेल चौराहे से ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। जब ई-रिक्शा कसियापुर रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचा, तो उसी रिक्शा में सवार पालन पत्नी हरीश और ज्योति खरवार निवासी मियां भोजपुर, बिहार उतर गईं।उसी दौरान रेश्मा ने अपने पर्स की जांच की, तो उसमें रखी चांदी की पायल और 2700 रुपये नकद गायब मिले। चोरी का एहसास होते ही रेश्मा ने बिना देर किए ई-रिक्शा चालक की मदद से दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और उन्हें पटेल चौराहे वापस ले आईं। वहां देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ के बीच पूछताछ में दोनों महिलाओं ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर सड़क किनारे छुपाकर रखा गया चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर दोनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और मामले में कार्रवाई जारी है।