महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शुरू

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शुरू

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी) | प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित लाइवलीहुड कार्यक्रम के अंतर्गत पंचायत भवन दलसराय में ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया गया। ग्राम पंचायत दलसराय स्थित पंचायत भवन में आयोजित एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षण का उद्घाटन ग्राम प्रधान हरेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को उनकी पहचान, आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को बाजार की वर्तमान मांग के अनुरूप कौशल विकसित कराया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। इस मौके पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से लाइवलीहुड कोऑर्डिनेटर दीपक यादव, फैजान खान, अभय सिंह, सीमा देवी एवं मास्टर ट्रेनर अर्चना पाल सहित अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे।