भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि, विचार गोष्ठी आयोजित

भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि, विचार गोष्ठी आयोजित

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। ये विचार आल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने बलिदान दिवस के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सत्तारूढ़ दल की नीतियों के कारण देश अमेरिकी साम्राज्यवाद की ओर झुकता जा रहा है। इस अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य परिषद सदस्य रणधीर सिंह सुमन ने कहा कि अंग्रेजी साम्राज्यवाद की मुखबिरी करने वाले लोग भगत सिंह के सपनों के भारत के सबसे बड़े दुश्मन हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश का वास्तविक भला तभी संभव है, जब ऐसे तत्वों से देश को मुक्ति मिले। पार्टी के कोषाध्यक्ष शिवदर्शन वर्मा ने कहा कि भगत सिंह एक ऐसे समाज की कल्पना करते थे, जिसमें शोषण, अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी और भुखमरी न हो। वहीं राज्य परिषद सदस्य प्रवीन कुमार ने कहा कि गौरक्षा के नाम पर कुछ अराजक तत्व रात में वाहन चेकिंग कर अवैध वसूली करते हैं और साम्प्रदायिकता फैलाते हैं, जो कि भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों की शहादत को गलत दिशा में ले जाने का काम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मो. कदीर हसन ने की, जबकि संचालन विनय कुमार सिंह ने किया। इस दौरान मुनेश्वर बक्स, प्रेमचंद्र वर्मा, अमर सिंह, जितेंद्र श्रीवास्तव, महेंद्र यादव, आशीष शुक्ला, सच्चिदानंद श्रीवास्तव, दीपक वर्मा, दीपक शर्मा, अंबिका प्रसाद, आनंद गुप्ता, अंकुल वर्मा, श्याम सिंह आदित्य, अभय, आलोक, कु. रीमा मौर्य, आफरीन सिद्दीकी, योगेंद्र सिंह सहित कई लोगों ने चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।