भक्तिमय हुआ मुड़िया दुर्गा मंदिर में गूंजीं रामायण की चौपाइयां
पंडित मुकेश शास्त्री ने कराया विधि-विधान से पूजन, गुन्द्रापुर की मंडली ने नई तर्जों पर दी प्रस्तुति
निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। (महरौनी) विकासखण्ड महरौनी की ग्राम पंचायत सैदपुर के मजरा मुड़िया में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से दुर्गा माता मंदिर प्रांगण में अखंड रामायण पाठ का भव्य शुभारंभ हुआ। लंबे अंतराल के बाद दुर्गा माता मंदिर प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शास्त्री जी ने कराया पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ कुम्हेड़ी से पधारे सुप्रसिद्ध विद्वान पंडित मुकेश शास्त्री महाराज ने किया। उन्होंने सस्वर मंत्रोच्चार के साथ वेदी पूजन और रामायण जी की आरती संपन्न कराई। इसके उपरांत अखंड पाठ की शुरुआत की गई। भक्ति की बयार- गुन्द्रापुर मंडली ने बांधा समां आयोजन समिति ने बताया कि क्षेत्र की विभिन्न रामायण और सुंदरकांड मंडलियों को सादर आमंत्रित किया गया है। पाठ के पहले दिन गुन्द्रापुर की रामायण कीर्तन मंडली ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मंडली के कलाकारों ने रामायण की चौपाइयों को नई-नई तर्जों और सुमधुर धुनों पर प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्रामीणों का सामूहिक प्रयास आयोजन समिति के सदस्यों ने साझा किया कि दुर्गा माता मंदिर प्रांगण में काफी समय से अखंड रामायण का आयोजन नहीं हुआ था। इसी कमी को दूर करने और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के लिए ग्रामवासियों ने आपसी सहयोग से यह निर्णय लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण धर्म लाभ लेने मंदिर प्रांगण पहुँच रहे हैं।