बारिश के बीच अदा की गई ईद की नमाज, दिखा उत्साह
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। शनिवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के बावजूद ईद का उत्साह कम नहीं हुआ। नगर और आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग ईदगाह मैदान में नमाज अदा करने पहुंचे। खराब मौसम और मैदान में कीचड़ होने के बावजूद नमाजियों का जोश देखने लायक था। लोग छाता और रेनकोट लेकर पहुंचे और नमाज अदा की। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह नजर आया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे व एकता का संदेश दिया। ईदगाह मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर एसडीएम कार्तिकेय सिंह, सीओ जगतराम कनौजिया, कोतवाल अमित प्रताप सिंह और चौकी इंचार्ज अजय पांडेय सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। नमाज के बाद लोग अपने-अपने घरों को लौटे और परिवार व रिश्तेदारों के साथ ईद का त्योहार खुशी-खुशी मनाया









