बाराबंकी में सक्रिय चोर गिरोह की 5 महिलाएं गिरफ्तार, लाखों के आभूषण व नकदी बरामद
निष्पक्ष जन अवलोकन
विनय सिंह
बाराबंकी। जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने हेतु अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने शनिवार को पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं में ऊषा (निवासी ग्राम जिगमी बघइचा, थाना सकिडींगंज, जनपद गोरखपुर), राधिका (निवासी ग्राम महुवा, थाना फरिन्दा, जनपद महाराजगंज), पिंकी (निवासी ग्राम पुतरहिया, थाना कैम्पियरगंज, जनपद गोरखपुर) तथा सुनीता व रजकला (निवासीगण ग्राम अमरहा, थाना धर्मसिंघवा, जनपद संतकबीरनगर) शामिल हैं।
पुलिस ने इन्हें लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित असैनी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्ताओं के कब्जे से चोरी के दो पीली धातु के लॉकेट, एक जोड़ी कान के टॉप्स तथा चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त 1,13,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह बस अड्डों, रेलवे स्टेशन तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मेलों और बाजारों में राहगीरों व बस/ऑटो में बैठी सवारियों को निशाना बनाता था। मौका पाकर ये उनके पहने हुए आभूषण और पर्स से पैसे चोरी कर लेती थीं।









