बाराबंकी में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई थानों के प्रभारी बदले

निष्पक्ष जन अवलोकन रिपोर्ट: विनय सिंह बाराबंकी। कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा प्रशासनिक समायोजन के तहत पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बीती रात जनपद के करीब एक दर्जन थानों के प्रभारी निरीक्षकों एवं थाना अध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में व्यापक बदलाव किया है। पुलिस विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, थाना मोहम्मदपुर खाला के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्र को इसी पद पर आईजीआरएस का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, बदोसराय के प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार विद्यार्थी को अपराध शाखा विवेचना सेल का प्रभारी बनाया गया है। थाना कोठी से प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया को मोहम्मदपुर खाला भेजा गया है, जबकि हैदरगढ़ से अभिमन्यु मल्ल को लोनी कटरा का दायित्व सौंपा गया है। सुवेहा से यशकांत सिंह अब देवा थाना संभालेंगे। इसी क्रम में बेचू सिंह को घुंघटेर से सुवेहा, अनिल कुमार सिंह को रामनगर से हैदरगढ़ स्थानांतरित किया गया है। थाना देवा के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र प्रताप सिंह को कोठी थाना भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने देवा के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी को स्थानांतरित कर प्रस्तावित थाना माती का कार्यभार सौंपा है। शिकायत प्रकोष्ठ में कार्यरत अरुण प्रताप सिंह को रामनगर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। सूची के अनुसार, लोनी कटरा के थाना अध्यक्ष उपनिरीक्षक अभय कुमार मौर्य को घुंघटेर भेजा गया है, जबकि सुढियामऊ चौकी प्रभारी रामऔतार राम को बदोसराय का थानाध्यक्ष बनाया गया है। इस व्यापक फेरबदल को जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।