बलदेव धाम में पुष्पों की होली, राधा रानी बने बच्चों ने मोहा मन
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। बिसौली रोड स्थित ग्राम खौंसारा-गुधनी के बलदेव धाम पर शनिवार को भक्तिमय वातावरण में पुष्पों की होली खेली गई। कार्यक्रम में राधा रानी के स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मनमोह लिया। धाम परिसर फूलों की खुशबू और जयकारों से गूंज उठा। पीठाधीश्वर लालतेश्वरानंद जी महाराज ने धाम पर आए श्रद्धालुओं के साथ पुष्प वर्षा कर होली खेली। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का पर्व है, जिसे आपसी सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोतवाल मनोज कुमार सिंह रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर प्रशांत जैन, विष्णु असावा, ठाकुर देव, सूरज सागर, मृदुल शर्मा, अखिल शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।