फ्यूचर लीडर्स स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ गंगा’ अभियान के तहत कछला गंगा घाट पर की सफाई
निष्पक्ष जन अवलोकन
बिल्सी(बदायूँ) । फ्यूचर लीडर्स स्कूल के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए गंगा नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण हेतु विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गंगा तट पर स्वच्छता कार्य किया और समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गंगा नदी के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों ने ‘स्वच्छ गंगा, स्वस्थ भारत’ का संदेश देते हुए आमजन को भी नदी को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए जागरूक किया। इस प्रेरणादायक पहल में विद्यालय की शिक्षिकाएं सोनिया गुप्ता एवं साक्षी गुप्ता, तथा शिक्षक दीपक शर्मा और परमेंद्र सिंह बच्चों के साथ उपस्थित रहे और उनका मार्गदर्शन किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए दैनिक जीवन में भी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। नमामि गंगे के तत्वावधान में इस कार्यक्रम को विशेष सहयोग कछला घाट सेक्शन के डेविड चौहान एवं संचित मिश्रा का प्राप्त हुआ, जिनके सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय के निदेशक वी.पी. सिंह ने इस अवसर पर कहा, “स्वच्छ गंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। हमारे विद्यार्थियों द्वारा उठाया गया यह कदम समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत पहल है।” प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा, “आज के विद्यार्थी ही कल के जागरूक नागरिक हैं। यदि बचपन से ही उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित किया जाए, तो एक स्वच्छ और सुरक्षित भारत का निर्माण संभव है।” विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा, “इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाती हैं। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी ऐसे सराहनीय कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।” कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल गंगा नदी, बल्कि अपने आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।









