पोस्टकार्ड अभियान के जरिए शिक्षकों ने उठाई टीईटी से मुक्ति की मांग
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर ब्लॉक संसाधन केंद्र मसौली में “शिक्षक की पाती” कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों द्वारा माननीय राष्ट्रपति, माननीय मुख्य न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय, माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय नेता प्रतिपक्ष के नाम पोस्टकार्ड भेजकर अपनी मांगों को रखा गया। इस दौरान शिक्षकों ने पोस्टकार्ड के माध्यम से आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्ति प्रदान करने की मांग उठाई। ब्लॉक संयोजक संजय श्रीवास्तव ने बताया कि यह पोस्टकार्ड अभियान “शिक्षक की पाती” कार्यक्रम के तहत पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को देश के शीर्ष संवैधानिक पदों तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की यह प्रमुख मांग है कि आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए, ताकि लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को राहत मिल सके। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्लॉक संयोजक अमित कुमार, नरेंद्र कुमार, सुरेश चंद्र, विश्वनाथ वर्मा, नदीम अब्बास, लवलेश कुमार, गरिमा मिश्रा, जमाल, अतुल, कुमार श्रीवास्तव, शबाना खान सहित सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।









