पुरुषोत्तम मास के समापन पर लोधेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा,
रामनगर (बाराबंकी)। सुप्रसिद्ध पौराणिक तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेव धाम में पुरुषोत्तम मास के समापन एवं अंतिम सोमवार को पड़ रही सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों शिवभक्तों ने भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक, दर्शन-पूजन कर सुख, समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पुरुषोत्तम मास के दौरान एक माह तक श्रद्धालु साष्टांग दंडवत परिक्रमा करते हुए लोधेश्वर धाम पहुंचकर नित्य जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करते रहे। अंतिम सोमवार को सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, फल-फूल, बेलपत्र एवं पूजन सामग्री लेकर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष के साथ गर्भगृह की ओर बढ़ते रहे।
मेला सचिव एवं उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद कुमार तिवारी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने मंदिर प्रांगण एवं मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडेय सुरक्षा कर्मियों के साथ गर्भगृह में मौजूद रहे और दर्शन-पूजन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।
वहीं थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह एवं अतिरिक्त निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव लगातार मेला परिसर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए शिवाभरण सरोवर में लखनऊ की 32वीं वाहिनी पीएसी के जवान मोटरबोट के साथ तैनात रहे।
एक माह तक चले धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान लोधेश्वर महादेव को पुआ अर्पित कर हवन एवं पूर्णाहुति के साथ अपने व्रत एवं अनुष्ठान संपन्न किए। पूरे दिन मंदिर एवं मेला परिसर शिवभक्ति, भजन-कीर्तन और जयघोषों से गूंजता रहा।
तहसील एवं पुलिस प्रशासन की सतर्कता और प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते पुरुषोत्तम मास का मेला सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।









