पदोन्नति प्राप्त एवं सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

पदोन्नति प्राप्त एवं सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद बाराबंकी के तत्वावधान में पदोन्नति प्राप्त खंड शिक्षा अधिकारियों तथा सेवानिवृत्त हो रहे खंड शिक्षा अधिकारियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन नगर स्थित डिलीशियस हॉल में किया गया। कार्यक्रम का संयोजन संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह द्वारा किया गया। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी हरख श्री अश्वनी प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रामनगर श्री रमेश चंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी सिद्धौर श्री प्रमोद कुमार उपाध्याय एवं खंड शिक्षा अधिकारी मसौली श्री जैनेंद्र कुमार के पी०ई०एस* पद पर पदोन्नत होने पर उनका माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त खंड शिक्षा अधिकारी सूरतगंज श्री संजय कुमार के पदोन्नति उपरांत सेवानिवृत्त होने तथा खंड शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार गुप्ता के सेवानिवृत्ति अवसर पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर उनके शिक्षा विभाग में दिए गए उत्कृष्ट योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि श्री संजय कुमार एवं श्री अशोक कुमार गुप्ता का कार्यकाल अत्यंत उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के हित में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। संघ उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखद जीवन की कामना करता है। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील गौड़ ने सभी पदोन्नति प्राप्त एवं सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव एवं कार्यशैली से विभाग को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। खंड शिक्षा अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री अश्विनी प्रताप एवं महामंत्री श्री संजय कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी सेवक वास्तव में कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि सेवानिवृत्ति के उपरांत समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारियों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, शिक्षक संघ के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर, आराधना अवस्थी, चंद्र शेखर यादव, धर्मेंद्र प्रसाद, मनीराम, शिक्षक नीरज वर्मा, अफजाल अहमद सहित अनेक शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।