नाली निर्माण में भारी अनियमितता, घटिया सामग्री का इस्तेमाल, अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत

नाली निर्माण में भारी अनियमितता, घटिया सामग्री का इस्तेमाल, अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत

पचपेडवा (बलरामपुर)। विकासखंड पचपेडवा की ग्राम पंचायत हरिया चंद्रसी में नाले के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों व सूत्रों के अनुसार निर्माण कार्य में मानकों की खुलकर अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि नाले के निर्माण में कच्ची ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि सीमेंट का प्रयोग केवल नाम मात्र के लिए हो रहा है। इतना ही नहीं, निर्माण कार्य में आवश्यक सामग्री मोरंग का कहीं कोई अता-पता नहीं है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में बलुई मिट्टी का अवैध तरीके से उपयोग किया जा रहा है, जिससे नाले की मजबूती कमजोर पड़ रही है। स्थिति यह है कि नाला एक ओर से बनता जा रहा है तो दूसरी ओर से ईंटें टूटकर गिरने लगी हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य में मानकों की पूरी तरह अनदेखी कर जल्दबाजी में काम कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संवाददाता ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मोहित दुबे को फोन किया गया, लेकिन पूरी घंटी बजने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं किया गया। इससे प्रशासनिक उदासीनता भी सामने आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव, संबंधित अधिकारी और बीडीओ की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर घोटाला किया जा रहा है। यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो सरकारी धन का दुरुपयोग जारी रहेगा और जनता को घटिया निर्माण का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अब देखना यह होगा कि उच्चाधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराते हैं या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाता है।