नशे की रफ्तार बनी कहर: डीह-परशदेपुर मार्ग पर कार ने बाइक को रौंदा, दो युवकों के पैर कुचले

नशे की रफ्तार बनी कहर: डीह-परशदेपुर मार्ग पर कार ने बाइक को रौंदा, दो युवकों के पैर कुचले

निष्पक्ष जन अवलोकन 

धीरेन्द्र कुमार 

डीह थाना क्षेत्र में डीह-परशदेपुर मार्ग स्थित भरतगंज चौराहे के पास बुधवार को रफ्तार और लापरवाही ने ऐसा कहर बरपाया कि दो परिवारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। कथित रूप से नशे में धुत कार चालक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीह कस्बा निवासी 25 वर्षीय आकाश गुप्ता पुत्र संतोष गुप्ता बिना ड्राइविंग लाइसेंस के हुंडई कार (UP-32MC9456) लेकर रायबरेली की ओर जा रहा था। कार में उसके साथ शिवम गुप्ता भी सवार था। बताया जा रहा है कि भरतगंज चौराहे पर दोनों ने बीयर का सेवन किया और इसके बाद तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा दिया।

इसी दौरान रायबरेली से डीह की ओर आ रहे बाइक सवार मेवा लाल यादव पुत्र नन्हेंलाल और नंदे पुत्र स्व. राम अवतार (निवासी पूरे लोवाई का पुरवा, मऊ) को कार ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों के पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और वे सड़क पर तड़पते रहे। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे एयरबैग खुल गए। मौके से पुलिस को बीयर के क्रेन  भी बरामद हुए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को डीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डीह-परशदेपुर मार्ग पर सड़क किनारे मोरंग, गिट्टी और बालू का अवैध अतिक्रमण लंबे समय से बना हुआ है, जिससे सड़क संकरी हो गई है और हादसों की आशंका बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और सख्त यातायात निगरानी की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि नशे में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ भी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है।