मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर नगर पंचायत का दवा छिड़काव अभियान, राहत नहीं मिलने से नागरिकों में नाराजगी

निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल

फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बुधवार देर शाम विशेष फॉगिंग एवं दवा छिड़काव अभियान चलाया गया। हालांकि अभियान के बाद भी नागरिकों को अपेक्षित राहत मिलती नहीं दिखी, जिससे लोगों में असंतोष देखा गया।

नगर पंचायत द्वारा कस्बे के विभिन्न गली-मोहल्लों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर, तहसील परिसर तथा सरकारी आवासों के आसपास फॉगिंग मशीन से मच्छरनाशक दवा का छिड़काव कराया गया। पिछले कुछ दिनों से बदलते मौसम और जगह-जगह जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही थी। इससे डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया था। नागरिकों की लगातार मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया गया।

अभियान के दौरान विशेष रूप से उन स्थानों को प्राथमिकता दी गई, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास दवा छिड़काव कर मरीजों और उनके परिजनों को मच्छरों से राहत दिलाने का प्रयास किया गया। तहसील परिसर एवं सरकारी आवासों में भी फॉगिंग कर कर्मचारियों एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

इसके बावजूद कई मोहल्लों के लोगों ने बताया कि फॉगिंग का प्रभाव सीमित समय तक ही रहा और मच्छरों की समस्या जस की तस बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि केवल फॉगिंग से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है, इसके लिए जलभराव की समस्या दूर करना भी जरूरी है।

नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमित अंतराल पर दवा छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें और मच्छरों के प्रजनन को रोकने में नगर पंचायत का सहयोग करें।