तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से दंपति व मासूम घायल, हालत गंभीर
निष्पक्ष जन अवलोकन राम शंकर वर्मा रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दंपति और उनके मासूम बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पीरबी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम टिहुर्की निवासी निशांत सिंह अपनी पत्नी विनीता सिंह और 5 वर्षीय पुत्र अद्यांश सिंह के साथ बाइक से कोटवा धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे चौकाघाट रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तभी बाराबंकी की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीरबी पुलिस के जवान संगम यादव और अयोध्या प्रसाद वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी रामनगर भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।









