तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन घायल, महिला की हालत गंभीर
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। कस्बे के ब्लॉक चौराहे पर रविवार को एक तेज रफ्तार डंपर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो बुजुर्ग महिलाएं शामिल हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के मोहारी गांव निवासी सरवर अपनी पत्नी नजमा (60) और सास सैय्यदुल (65) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ब्लॉक चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉ. देशराज के अनुसार दोनों बुजुर्ग महिलाओं को चोटें आई थीं, जबकि नजमा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सैय्यदुल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, वहीं सरवर को भी मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया। कस्बा चौकी इंचार्ज अजय पांडेय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।









