तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से महिला की मौत, दो घायल बड्डूपुर क्षेत्र में हादसा, चालक फरार—पुलिस कर रही तलाश
निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। सीतापुर जनपद के कोतवाली महमूदाबाद नहर कॉलोनी निवासी कपिल गुप्ता सोमवार को बाइक से लखनऊ जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर बहन पूनम (25 वर्ष) और मां गीता देवी (50 वर्ष) भी सवार थीं। कोतवाली बड्डूपुर क्षेत्र के महमूदाबाद–लखनऊ नेशनल मार्ग पर कस्बा रीवा सीवा के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने तीनों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में गीता देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कपिल गुप्ता और उनकी बहन पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।









