कुबेरपुर खत्ताघर पहुंचे डीएम, कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का किया निरीक्षण

कुबेरपुर खत्ताघर पहुंचे डीएम, कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का किया निरीक्षण

निष्पक्ष जन अवलोकन। शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा

आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बुधवार को नगर निगम की कुबेरपुर स्थित बायोरिमेडिएशन एवं बायोमाइनिंग परियोजना और खत्ताघर का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि 72 एकड़ क्षेत्र में फैली कुबेरपुर साइट पूर्व में कूड़ा डंपिंग स्थल के रूप में उपयोग की जाती थी। वर्ष 2019 से नवंबर 2024 तक यहां जमा लगभग 20 लाख टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा चुका है। वर्तमान में प्रतिदिन एक हजार से 1200 टन तक कूड़ा यहां लाया जाता है, जहां सूखा, गीला, पॉलीथिन और अन्य ठोस अपशिष्ट को अलग-अलग कर उसका प्रसंस्करण किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि कचरे से विभिन्न उत्पादों का निर्माण, पैकेजिंग और विपणन किया जा रहा है। कंपोस्ट खाद के विपणन के लिए कृभको के साथ करार किया गया है। इसके अलावा गौशालाओं, फल एवं सब्जी मंडियों से नियमित रूप से कूड़ा उठान की व्यवस्था भी संचालित की जा रही है। जिलाधिकारी ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता और कचरा प्रबंधन कार्यों में गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इस दौरान डीएम ने पीपीपी मॉडल पर निर्माणाधीन वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना दिसंबर 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है। प्लांट शुरू होने के बाद कचरे से ऊर्जा उत्पादन का मार्ग प्रशस्त होगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोबर प्रबंधन इकाई, कंपोस्ट प्लांट, प्रयोगशाला, रबर प्लांट, ब्रिक्स प्लांट तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित विभिन्न इकाइयों का भी जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव, प्रभागीय वनाधिकारी राजेश कुमार सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।