टिकैतनगर में भीषण आग, 27 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
निष्पक्ष जन अवलोकन रत्नाकर पाण्डेय टिकैतनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हाहनपुरवा मजरे करोनी में शनिवार दोपहर करीब एक बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी दिनेश सिंह के गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी की घटना में उदयभान सिंह, शांति देवी, विजयशंकर सिंह, राजेंद्र निषाद, महेंद्र निषाद, केदार निषाद तथा भागमनी समेत कुल आठ किसानों की खड़ी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम के साथ ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करते हुए लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब 27 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सूचना पर पहुंचे राजस्व विभाग के कर्मियों ने मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।









