जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मानिकपुर में 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' संपन्न
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में आज तहसील मानिकपुर के सभागार में 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने जनशिकायतों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों और जनता के बीच संवाद का अभाव है। यदि तहसील व ब्लॉक स्तर के अधिकारी अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई कर निस्तारण सुनिश्चित करें, तो फरियादियों को कलेक्ट्रेट तक नहीं भटकना पड़ेगा। बैठक में सर्वाधिक मामले राजस्व, चकबंदी, पत्थरगढ़ी, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन तथा विद्युत व पेयजल से संबंधित प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि छोटे प्रकरणों का निस्तारण ग्राम स्तर पर ही प्राथमिकता के आधार पर करें। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि निस्तारण हेतु 'अंतिम तिथि' का प्रतीक्षा न करें। शिकायतों का समाधान निर्धारित समय से चार दिन पूर्व सुनिश्चित करें, ताकि गुणवत्ता की समीक्षा की जा सके और त्रुटियों को सुधारा जा सके। जिलाधिकारी ने उपस्थित समाधान दिवस में कहा कि सभी विभागाध्यक्ष द्वारा अपने लेटर में ईट राइट इंडियन का लोगो अवश्य लगाएं। समाधान दिवस के दौरान कुल 130 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया। इसी क्रम में जनपद के सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा कुमरिया, जोगेश्वर, काशी को गर्मी की बुआई के लिए चार किलो मूंग का मिनी किट निःशुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, उप जिलाधिकारी (मानिकपुर) मोहम्मद जसीन, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) पूजा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।