जलापूर्ति की नई पाइपलाइन पर उठे सवाल, सभासदों ने मुख्यमंत्री से की शिकायत

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। नगर में बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन को लेकर नगर पालिका परिषद के सभासदों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। इस संबंध में सभासदों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक शिकायती पत्र उत्तर प्रदेश शासन को भेजते हुए जांच की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा अमृत योजना के अंतर्गत कराए जा रहे पाइपलाइन कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि कई स्थानों पर पुरानी लाइन को हटाए बिना ही नई पाइपलाइन डाली जा रही है। साथ ही पाइप की गुणवत्ता और गहराई को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। सभासदों का कहना है कि कार्य में तकनीकी मानकों का पालन नहीं हो रहा, जिससे भविष्य में जलापूर्ति बाधित होने और सड़कें धंसने की आशंका बनी रहेगी। सभासदों ने पत्र में उल्लेख किया है कि संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं कराई गई तो सरकारी धन का दुरुपयोग होगा और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। सभासद शाहनवाज अल्वी, नगमा बेगम, धर्मवीर सिंह, मनीष, सूरज, अजीत सिंह, राजीव कुमार आदि ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा कराने की भी मांग की गई है, ताकि नगरवासियों को शुद्ध और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो।