जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु मेंहदावल में ‘मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर’ का शुभारंभ

प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध : अनिल त्रिपाठी

जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु मेंहदावल में ‘मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर’ का शुभारंभ

संत कबीर नगर,। उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मेंहदावल विद्युत उपकेंद्र परिसर में 15 मई से 22 मई 2026 तक आयोजित होने वाले ‘मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर’ का शुभारंभ किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी ने शिविर का निरीक्षण कर विद्युत उपभोक्ताओं से संवाद किया तथा अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इसी क्रम में विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु यह विशेष शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें उपभोक्ता अपने विद्युत बिल, मीटर, कनेक्शन एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का समाधान आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। विधायक ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर के दौरान विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, समस्त जूनियर इंजीनियर (J.E.) एवं विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति में उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया गया। उपभोक्ताओं को बिल संशोधन, बकाया भुगतान, मीटर संबंधी शिकायतों एवं अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में बेलहर विकास क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र त्रिपाठी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।