विष्णु सिकरवार के नेतृत्व में खेरागढ़ में गूंजा कवि सम्मेलन, मंजू भदौरिया और शैलेंद्र शर्मा ने सराहा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन
निष्पक्ष जन अवलोकन
शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा
आगरा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जिला इकाई आगरा द्वारा संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि ग्रामीण पत्रकारिता दिवस के रूप में अग्रवाल धर्मशाला, खेरागढ़ में बड़े ही भव्य एवं गरिमामयी वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विशाल कवि सम्मेलन एवं वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और क्षेत्रीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम देर रात तक कविताओं, तालियों और उत्साह से गुलजार रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू भदौरिया ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला सूचना अधिकारी शैलेंद्र शर्मा, संयोजक ब्रज क्षेत्र एनजीओ प्रकोष्ठ दिगंबर सिंह धाकरे, खेरागढ़ चेयरमैन सुधीर गर्ग तथा जगनेर चेयरमैन कुलदीप गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अग्रवाल society खेरागढ़ के अध्यक्ष राजकुमार मंगल और अग्रसेन सेवा समिति के अध्यक्ष दलीप गर्ग की भी विशेष उपस्थिति रही। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर ने प्रभावशाली अंदाज में किया। कवि सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने हास्य, वीर रस, ओज और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कवियों की प्रभावशाली कविताओं पर सभागार बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता रहा। देर रात तक श्रोता कविताओं का आनंद लेते रहे। मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू भदौरिया ने अपने संबोधन में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान और समाजहित में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार पत्रकारों की समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हैं और संगठन को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन को बैठक एवं संगठन संचालन के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। जिला सूचना अधिकारी शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन आज पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि विष्णु सिकरवार के नेतृत्व में संगठन पत्रकार हित, समाजसेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समय विष्णु सिकरवार सदैव मजबूती से उनके साथ खड़े दिखाई देते हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार समाज की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। वहीं दिगंबर सिंह धाकरे ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन केवल पत्रकारों का संगठन नहीं बल्कि समाजसेवा का सशक्त मंच बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना अधिकारी शैलेंद्र शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र शुक्ला, ओम प्रकाश सविता, सुरेश जारोलिया और शमीम सिद्दीकी को भी शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन भविष्य में भी समाजसेवा, पत्रकार सम्मान और जनहित से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर राजेंद्र शुक्ला, श्याम सुंदर पाराशर, अखिलेश सक्सेना, संत कुमार भारद्वाज, धर्मेंद्र सिंह कुशवाह, प्रमेंद्र फौजदार, श्रीकांत पाराशर, शिवम् सिकरवार, नवीन राजावत, अजय मोदी, अजेंद्र चौहान, यतीश लवानिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









