गंदा पानी गिराने का विरोध पड़ा भारी, दबंगों ने परिवार को लाठी-डंडों से पीटा
निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण फतेहपुर (बाराबंकी)। बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रीवां सीवां में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बर्तन धोने का गंदा पानी गिराने का विरोध करने पर दबंगों ने एक ही परिवार के कई सदस्यों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे मां-बेटे सहित पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। ग्राम रीवां सीवां निवासी मूर्ति देवी पत्नी लवकुश ने पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी इन्दल कुमार पुत्र रामलौटन जानबूझकर अपने घर की छत से बर्तन धोने का गंदा पानी उनके घर की चौकी पर गिराते हैं। इस संबंध में कई बार थाने में शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पीड़िता के अनुसार, बीती 18 मार्च को जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए पानी गिराना बंद करने को कहा, तो इन्दल कुमार, शिवदेवी, रामलौटन और शिवम ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने पहले मूर्ति देवी को पीटना शुरू किया। जब उन्हें बचाने उनके पति लवकुश और बेटा मनीष पहुंचे, तो उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। हमले में लवकुश के कंधे व हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि बेटे मनीष के हाथ की हड्डी टूट गई। सभी घायलों को इलाज की जरूरत पड़ी। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दिन ही बड्डूपुर कोतवाली में सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है









