खाटू श्याम मंदिर में बड़ी चोरी, दानपात्र समेत लाखों का सामान पार

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। बीती रात थाना सतरिख क्षेत्र के मंजीठा स्थित खाटू श्याम मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने दानपात्र, नकदी और कीमती आभूषण सहित करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब मंदिर के पुजारी व प्रबंधन को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति अंदर दिखाई दे रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंजीठा स्थित खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर की चेयरपर्सन सोनिया शर्मा ने बताया कि चोर लगभग एक घंटे तक परिसर में रहे और दानपात्र उठा ले गए, जिसमें पिछले तीन महीनों से जमा नकदी और भक्तों द्वारा चढ़ाए गए आभूषण थे। चोरों ने मंदिर में रहने वाले तीन पंडितों की करीब 82 हजार रुपये की सैलरी, दो मोबाइल फोन तथा गुरुकुल के एक बच्चे के पर्स से लगभग ढाई हजार रुपये भी चुरा लिए। चोरी का पता सुबह उस समय चला जब ब्राह्मण स्नान के बाद लौटे और चाबी रखने की जगह खाली पाई। घटना के बाद जब मंदिर परिसर की जांच की गई तो एक गेट खुला मिला। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोरी करने वाले मंदिर की व्यवस्था से भली-भांति परिचित थे और बिना किसी भय के घंटों तक घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। फिलहाल घटना के बाद धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।