कुर्सी थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी-लूट की घटनाएं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। थाना कुर्सी क्षेत्र में बीते दो माह के भीतर हुई आधा दर्जन चोरी व लूट की घटनाओं का अब तक खुलासा न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कई मामलों में पीड़ितों की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई है, जिससे क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और आमजन में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार घटनाएं, लेकिन कार्रवाई शून्य 6 फरवरी को कुर्सी के नई बस्ती मोहल्ले में ताज मोहम्मद और उनके भाई जमालुद्दीन के घरों से चोरों ने करीब 10 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के दो माह बीतने के बाद भी न तो रिपोर्ट दर्ज हुई और न ही कोई खुलासा हो सका है। 9 फरवरी को बैना गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से पता पूछने के बहाने उसके गले से सोने का हार छीन लिया। इस लूट की घटना में भी पुलिस अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। 10 फरवरी को राजापुर गांव निवासी किसान अहंकार यादव के घर में छत के रास्ते घुसे चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। इस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। 31 मार्च को दौलतपुर मजरे बिसाई गांव निवासी रजनीश कुमार की टिकैतगंज स्थित मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने 55 हजार रुपये नकद, एक लेनोवो लैपटॉप, करीब डेढ़ दर्जन स्मार्ट वॉच, पांच दर्जन ईयरबड्स और एक सोने का लॉकेट चोरी कर लिया। घटना के दस दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो चोरों तक पहुंच सकी है और न ही मुकदमा दर्ज किया गया है। लोगों में बढ़ता आक्रोश लगातार हो रही घटनाओं और पुलिस की निष्क्रियता से क्षेत्रीय लोगों, व्यापारियों और दुकानदारों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।









