कानपुर देहात में डीएम का बड़ा एक्शन प्रतिबंधित प्लास्टिक फैक्ट्री सीज

कानपुर देहात में डीएम का बड़ा एक्शन प्रतिबंधित प्लास्टिक फैक्ट्री सीज

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

कानपुर देहात में पर्यावरण नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है।जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर चली इस कार्रवाई में सिंगल यूज प्लास्टिक बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी कर उसे सीज कर दिया गया। जनपद कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला प्रशासन की टीम ने अचानक महावीर नामक फैक्ट्री पर छापा मार दिया। यह फैक्ट्री लंबे समय से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल से बने उत्पादों का निर्माण कर रही थी। छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में थर्माकोल की सीटें, प्लास्टिक गिलास और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में खुलेआम पर्यावरण मानकों की अनदेखी करते हुए प्लास्टिक उत्पाद तैयार किए जा रहे थे, जो न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन ने बिना देर किए फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। साथ ही संचालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनपद में प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण, भंडारण या उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे ही अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल न केवल जमीन और जल स्रोतों को प्रदूषित करते हैं, बल्कि यह लंबे समय तक नष्ट नहीं होते, जिससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ता है। इस कार्रवाई के बाद जनपद में अवैध रूप से प्लास्टिक का कारोबार करने वालों में हड़कंप है। प्रशासन का यह सख्त कदम साफ संकेत है कि अब नियम तोड़ने वालों के लिए कोई ढील नहीं होगी।