कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई नीट परीक्षा, 879 में 863 अभ्यर्थी हुए शामिल

कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई नीट परीक्षा, 879 में 863 अभ्यर्थी हुए शामिल

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। भारत सरकार की राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) रविवार को जिले के दो केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक चली, जिसमें अभ्यर्थियों की भारी उपस्थिति दर्ज की गई। जिले के चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी तथा राजकीय तुलसीदास महाविद्यालय कर्वी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। चित्रकूट इंटर कॉलेज में पंजीकृत 384 परीक्षार्थियों में से 7 अनुपस्थित रहे, जबकि 377 ने परीक्षा दी। वहीं तुलसीदास महाविद्यालय में 495 में से 9 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे और 486 ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार दोनों केंद्रों पर कुल 879 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 863 उपस्थित रहे, जबकि मात्र 16 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक डॉ. रणवीर सिंह चौहान एवं प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार पाल के निर्देशन में सभी कक्ष निरीक्षकों ने भारत सरकार की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराया। परीक्षा से पूर्व स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कोई भी परीक्षार्थी या शिक्षक मोबाइल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ नहीं लाएगा। सभी परीक्षकों को पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करना था। सुबह 10 बजे से ही परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों को बुला लिया गया था, जबकि 11 बजे से अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। गेट पर अभ्यर्थियों की सघन जांच और स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा कक्ष में केवल प्रवेश पत्र की अनुमति थी, जबकि लेखन सामग्री केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई गई। हर कक्ष में 24-24 अभ्यर्थियों पर दो-दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर एवं जैमर लगाए गए थे, जिससे किसी भी प्रकार की नकल की संभावना समाप्त हो सके। परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह सक्रिय रहा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक, परीक्षा प्रभारी सहित पुलिस बल की तैनाती रही। शहर कोतवाल दुर्ग विजय सिंह व उप निरीक्षक अशोक सिंह सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद दिखे। वहीं दूसरे केंद्र पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार पाल के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट राकेश कुमार द्विवेदी एवं समस्त प्राध्यापकों ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी स्नेहलता, एसडीएम अजय यादव व तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी ने दोनों केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों की सतत निगरानी में परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।