आईएएस मुख्य परीक्षा में कुमारी अंशिका वर्मा की सफलता, क्षेत्र में हर्ष का माहौल

आईएएस मुख्य परीक्षा में कुमारी अंशिका वर्मा की सफलता, क्षेत्र में हर्ष का माहौल


निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल

फतेहपुर (बाराबंकी)। ग्राम साढ़ेमऊ निवासी दुग्ध व्यवसायी की पुत्री कुमारी अंशिका वर्मा ने वर्ष 2025 की आईएएस मुख्य लिखित परीक्षा (Mains) में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र, गांव और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

कुमारी अंशिका वर्मा, मेहनती एवं ईमानदार दुग्ध व्यवसायी सुनील कुमार की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि ग्रामीण परिवेश से आने वाली छात्राओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है।

विधायक साकेन्द वर्मा ने अंशिका की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण यह संदेश देता है कि यदि इरादे मजबूत हों और परिश्रम सच्चा हो, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। विधायक श्री वर्मा स्वयं अंशिका के घर पहुंचे और उन्हें सम्मानित करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि अंशिका राष्ट्र सेवा के अपने दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाकर समाज और देश का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगी।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजवीर सिंह वर्मा, जिला पंचायत सदस्य हंसराज वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष, रामचंद्र वर्मा, कमलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अंशिका की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।