अवैध ‘एक्वा पाम आयलैंड’ पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने लिया कब्जा
फतेहपुर (बाराबंकी) घुंघटेर थाना क्षेत्र के सैदर के चुलिहापर स्थित अवैध ‘एक्वा पाम आयलैंड’ पर तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया और पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार, यह पर्यटन स्थल तालाब की भूमि पर नियमों के विपरीत संचालित किया जा रहा था। यहां रेस्टोरेंट, रेस्ट रूम, पार्क, मोटर बोटिंग जैसी सुविधाएं विकसित कर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं, जो राजस्व अभिलेखों के अनुसार अवैध पाई गईं। सोमवार को नायब तहसीलदार कुर्सी अंकिता पांडेय के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। बुलडोजर के माध्यम से अवैध निर्माणों को गिराया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए थाना प्रभारी घुंघटेर सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और नियम विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान पर लंबे समय से अवैध निर्माण और गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिससे सरकारी भूमि का दुरुपयोग हो रहा था। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध कब्जों पर अब सख्ती से रोक लगाई जाएगी। तहसील प्रशासन ने यह भी कहा कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।









