अंबेडकर जयंती पर झांसापुरवा में भव्य आयोजन, कैबिनेट मंत्री दारासिंह चौहान रहे मुख्य अतिथि
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर, बाराबंकी। झांसापुरवा स्थित अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारासिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम साधुराम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। ट्रस्ट के चेयरमैन अजय कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि दारासिंह चौहान का माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। पार्क परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंजीनियर अजय चौधरी ने कहा कि अंबेडकर जयंती केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का संकल्प दिवस है। उन्होंने जोर दिया कि बाबा साहब ने हमें आत्मसम्मान, शिक्षा और समानता का अधिकार दिलाया। उन्होंने आह्वान किया कि सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को शिक्षित बनाएं और छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करें। मुख्य अतिथि दारासिंह चौहान ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अथक प्रयासों से देश को एक मजबूत, लोकतांत्रिक और समतामूलक संविधान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के योगदान को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार अंबेडकर पार्कों के विकास, सौंदर्यीकरण, बाउंड्रीवाल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर तहसीलदार वैशाली अहलावत, कोतवाल अमित सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा, नमरा जमाल, रामसिंह चौहान, सुमन चौहान, डॉ. अंजू चन्द्रा, देशराज वर्मा, विजय गुप्ता, पूजा सिंह, प्रेम प्रकाश पाल, राजीव नयन तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









