रेलवे लाइन के किनारे मिला युवक का शव, गांव में हड़कंप
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा। रामनगर बाराबंकी। रविवार सुबह बुढ़वल गांव के पास रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिस्थितियां संदेह पैदा कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि युवक को ट्रेन से धक्का दिया गया हो सकता है सूचना पर पहुंची जीआरपी ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मर्चरी हाउस भिजवाया। आरपीएफ इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक की पहचान अयान (19) पुत्र अब्दुल कलाम निवासी गांधीनगर नरकटिया थाना वासी, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। शिनाख्त उसके छोटे भाई फैजान ने की।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।









