मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 10फरवरी को दुल्हदेपुर में कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों का आना जाना लगा रहा
निष्पक्ष जन अवलोकन जितिन रावत ।। बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 फरवरी को बाराबंकी के दरियाबाद क्षेत्र स्थित दुल्हदेपुर कुटी (बजरंग व्यायाम शाला) में रामार्चा यज्ञ में शामिल होंगे। वे इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुति अर्पित करेंगे।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार सुबह अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार और आईजी सोमेन बर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंच, पंडाल, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। यज्ञ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के कई प्रमुख संत-महंत और धर्माचार्य भी मंच साझा करेंगे। आयोजकों के अनुसार, मंच पर राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ प्रदेश के प्रतिष्ठित संत उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन भी प्रस्तावित है।खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, भाजपा के पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी और जिला अध्यक्ष सहित कई भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के आयोजक बाबा बलराम दास ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ कई साधु-संत भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर तैनात सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारियों को ब्रीफ किया। उन्हें अपने-अपने तैनाती स्थलों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा रिहर्सल भी किया गया। कार्यक्रम में काले कपड़े पहनकर जाने पर प्रतिबंध रहेगा, क्योंकि काले झंडे पर प्रतिबंध लागू है। बदोसराय-टिकैतनगर मार्ग को कार्यक्रम स्थल के कारण डायवर्ट किया गया है। यातायात सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों को भी चिन्हित किया जा रहा है।