महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक की 2330वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई

निष्पक्ष जन अवलोकन

महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक की 2330वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई
महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक की 2330वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई

बदायूं/बिल्सी। नगर के अंबियापुर स्थित सम्राट अशोक चौक पर महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक की 2330वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अंबियापुर चौक में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन आज अपराह्न करीब 12:00 बजे किया गया, जिसमें बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने सैकड़ों सर्व समाज के लोगों के साथ सम्राट अशोक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर विधायक हरीश शाक्य ने अपने संबोधन में सम्राट अशोक को राष्ट्र नायक, अखंड भारत का निर्माता और मानवता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक के विचार आज भी समाज को एकता, शांति और भाईचारे का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से आए सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर सम्राट अशोक के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया। इसके पश्चात भाजपा नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य ममता शाक्य तथा समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। पूरे कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और एकता की मिसाल देखने को मिली, जहां विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ एकत्र होकर महान सम्राट को नमन करते नजर आए।