भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी | ग्राम पंचायत बड़गांव के मोहल्ला नालीपार स्थित मंदिर पर सोमवार से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा स्थल से निकली कलश यात्रा पड़रिया घाट स्थित कल्याणी नदी से जल भरकर पूरे गांव में भ्रमण करते हुए पुनः कथा स्थल पर समाप्त हुई। कलश यात्रा में महिला-पुरुष सिर पर कलश लेकर डीजे की धुन पर भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ते रहे। पुरुष और बच्चे झंडा लेकर सबसे आगे चल रहे थे। यात्रा मढ़ीटोला दुर्गा मंदिर, पूरब टोला हनुमान मंदिर, मंझपटिया स्थित काली मंदिर होते हुए कथा स्थल पहुंची। मसौली चौराहे पर गुलाल उड़ाते हुए भक्ति गीतों पर युवाओं ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कल्याणी नदी से जल भरने के बाद कथा स्थल पर आचार्य सचिन महाराज व आशीष महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश स्थापना कराई। कथावाचक उमेश महाराज ने कहा कि भागवत कथा श्रवण से व्यक्ति का आध्यात्मिक विकास होता है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। कार्यक्रम के अंत में आरती व प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर आयोजक श्रवण कुमार, किशन रस्तोगी, सुरजन यादव, नरेंद्र चौहान, राजेंद्र यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।









