नगर निकायों में अतिक्रमण पर सख्ती, सड़कों पर दुकानें नहीं लगने दें: डीएम
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित संबंधित अधिकारियों के साथ नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली एवं विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक नगर निकाय में सप्ताह में एक दिन अतिक्रमण विरोधी अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जाए और सतत प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए, जिससे सड़कों पर दुकानें न लग सकें। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों पर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने तालाबों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में तालाबों पर अतिक्रमण न होने पाए। आय वृद्धि के लिए नगर निकायों को अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, तालाबों की मत्स्य पालन हेतु नीलामी करने और अन्य स्रोत विकसित करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित करने और खाली प्लॉट पर कूड़ा न जमा होने देने के निर्देश दिए। विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने तथा जिन निकायों में कल्याण मंडप का निर्माण नहीं हो रहा है, वहां प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया गया। बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और शहरी आजीविका मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









