टिकैतनगर की दो बेटियों ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल में टॉप-10 में बनाया स्थान, क्षेत्र का नाम किया रोशन
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रत्नाकर पांडेय।
टिकैतनगर। नगर पंचायत टिकैतनगर के मोहल्ला नूरवाफ निवासी आदरणीय चाचा श्री मूलचंद कसेरा जी की सुपौत्री एवं श्री श्याम कुमार कसेरा जी की सुपुत्री कु. शगुन कसेरा तथा श्री राज कुमार कसेरा जी की सुपुत्री कु. आराध्या कसेरा ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में उत्तर प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे टिकैतनगर और जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। दोनों प्रतिभाशाली बेटियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, परिजनों, शुभचिंतकों और नगरवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इज़हार किया। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि टिकैतनगर की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और कठिन परिश्रम के दम पर ऊंचाइयों को छू सकती हैं। शाम को नगर पंचायत टिकैतनगर के अध्यक्ष श्री जगदीश प्रसाद गुप्ता अपनी पूरी टीम के साथ दोनों छात्राओं के आवास पर पहुंचे। उन्होंने कु. शगुन कसेरा एवं कु. आराध्या कसेरा को प्रभु श्रीराम दरबार की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने कहा कि बेटियों की यह सफलता पूरे नगर के लिए प्रेरणास्रोत है और अन्य छात्र-छात्राओं को भी उनसे प्रेरणा लेकर मेहनत करनी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने दोनों बेटियों को ढेरों शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। टिकैतनगर की इन होनहार बेटियों की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए एक मिसाल बन गई है।









