ग्राम रोजगार सेवकों ने शुरू की 10 दिवसीय हड़ताल, 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

ग्राम रोजगार सेवकों ने शुरू की 10 दिवसीय हड़ताल, 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली, बाराबंकी। ग्राम रोजगार सेवक संगठन के प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को मसौली ब्लॉक के ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए 10 दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी। खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार राव ने बताया कि ग्राम पंचायतों में रोजगार सेवकों को सहायक पंचायत सचिव के रूप में समायोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर 2021 को घोषित एचआर पॉलिसी अब तक लागू नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि रोजगार सेवकों को हटाने की प्रक्रिया में तिहाई पंचायत सदस्यों के बजाय दो-तिहाई ग्राम सभा सदस्यों की सहमति अनिवार्य की जाए। साथ ही मानदेय भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाकर समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। बताया कि रोजगार सेवकों का एक वर्ष से अधिक का मानदेय बकाया है, जिसे शीघ्र दिलाया जाए। इसके अलावा जॉब चार्ट में शामिल कर विभागीय कर्मचारी घोषित करने, सभी रोजगार सेवकों को एंड्रॉयड मोबाइल उपलब्ध कराने, न्याय पंचायत स्तर पर स्थानांतरण व्यवस्था लागू करने, मृतक आश्रित को नौकरी देने तथा ईपीएफ व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर पुनेन्द्र कुमार, लालजी वर्मा, शुभराज चौहान, निधि वर्मा, रमाकांत वर्मा, अनुप सिंह, अनिल कुमार, सरोज कुमार, सीता कनौजिया, दिलीप कुमार, विपेन्द्र कुमार, मनोज कुमार, गंगाराम, रजनीश कुमार, मिथलेश, सुधा, प्रभा देवी, राजेश कुमार, नीरज, देवकला सहित अनेक रोजगार सेवक मौजूद रहे।