किसान दिवस में उठी किसानों की समस्याएं, अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी | बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रगतिशील कृषक विक्रांत सैनी, लालजी यादव, देवेंद्र सिंह, मो. तुफैल, वीरेंद्र कुमार, शिवमोहन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सर्वप्रथम जिला कृषि अधिकारी ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया। अपर जिलाधिकारी ने सभी मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। किसानों ने इस दौरान अपनी समस्याएं रखते हुए समाधान की मांग की। विक्रांत सैनी ने आलू भंडारण शुल्क की समीक्षा के लिए कोल्ड स्टोर संचालकों और किसान प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने की मांग की। वहीं त्रिवेदीगंज क्षेत्र के कृषक शिवमोहन वर्मा ने जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या उठाई। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान कराया जाएगा।









