कस्बा बदोसरांय मे ट्रांसफार्मर में लगी आग दमकल मौके पर पंहुच कर आग बुझाया रात दस बजे से सैकड़ों घर अंधियाले में
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर । सिरौलीगौसपुर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत बदोसराय कस्बे में एक ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के साथ आग लग गई। इस घटना से कस्बे के सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ट्रांसफार्मर के जलने से बदोसराय कस्बे के सैकड़ों घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इससे स्थानीय निवासियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। समाचार प्रेषण तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।अवर अभियंता राज मौर्या ने बताया है कि आज ट्रांसफार्मर बदल कर लाइन चालू करवा दी जायेगी।









