सुमली नदी में डूबने से दो नाबालिगों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

सुमली नदी में डूबने से दो नाबालिगों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

निष्पक्ष जन अवलोकन

रामशंकर वर्मा

रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के ग्राम करसाकला के निकट सुमली नदी में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। भैंस चराने गए दो नाबालिग बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पुरैना निवासी 12 वर्षीय अर्पित पुत्र सियाराम तथा ग्राम रतनपुर निवासी 13 वर्षीय अतुल पुत्र दयाराम शुक्रवार दोपहर भैंस चराने के लिए सुमली नदी के किनारे गए थे। बताया जाता है कि इस दौरान भैंस नदी में नहाने के लिए उतर गई। उसके बाद दोनों बच्चे भी स्नान करने के उद्देश्य से नदी में चले गए, जहां वे गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगे।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला। हालांकि काफी देर तक पानी में रहने के कारण दोनों बच्चों की सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। प्रशासन द्वारा मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।