सरीला में भव्य कलश यात्रा के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव का आगाज हो गया

सरीला में भव्य कलश यात्रा के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव का आगाज हो गया

निष्पक्ष जन अवलोकन हमीरपुर | श्रीमद् भागवत कथा की विशाल शोभायात्रा के साथ ही सरीला नगर में महाशिवरात्रि महोत्सव का आगाज हो गया। यह कार्यक्रम 15 फरवरी तक चलेगा और रात्रि में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगें। शोभायात्रा में शामिल थिरकते घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे। नगर में शिवरात्रि महोत्सव मनाने की लगभग पाँच दशक पुरानी परंपरा है। महा शिवरात्रि पर भव्य शिव बारात निकाली जाती है। महाशिवरात्रि पर्व पर लाखो की भीड़ उमड़ती है। श्री शल्लेश्वर मन्दिर में भक्त जलाभिषेक करते हैं। पूर्व में यहां महा शिवरात्रि महोत्सव में बड़े-बड़े फिल्मी स्टार भी शिरकत कर चुके हैं। इस साल भी सोमवार से नगर के नेस्ले मार्केट में शुरू हो रहे महाशिवरात्रि महोत्सव में श्री मदभागवत कथा की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बालिकाएं व महिलाएं सिर पर कलश रखकर चल रही थी। डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर जयकारे लगाए। कलश यात्रा में दो दर्जन से अधिक घोड़े ढोल की थाप पर थिरकते चल रहे थे। नगर के नेस्ले मार्केट से शुरू हुई कलश यात्रा का समापन नगर भ्रमण के बाद कथा स्थल नेस्ले मार्केट पहुंचने पर हुआ। इस मौके पर नगर के तमाम लोग शामिल रहे।रात्रि में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार अनुरागी, तहसीलदार राममोहन कुशवाहा व नगर लोग एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरिया थाना का पुलिस बल मौजूद रहा।