सड़क हादसे के बाद शवों से आभूषण गायब होने का आरोप, परिजनों में आक्रोश

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर (बाराबंकी)। सिहाली रोड स्थित इसेपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद एक और गंभीर मामला सामने आया है। हादसे में मृत दो महिलाओं के शवों से आभूषण गायब होने का आरोप लगने से परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर देकर मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शनिवार शाम हुए इस हादसे में सीतापुर जनपद के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रामद्वारी निवासी इंद्रजीत वर्मा अपनी नवविवाहिता पत्नी खुशी वर्मा (18), भाभी पिंकी देवी (28) और तीन वर्षीय भतीजी के साथ बाइक से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव में बीमार मौसी का हालचाल लेने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के कारण वाहन कतार में खड़े थे। फाटक खुलते ही जैसे ही इंद्रजीत ने बाइक आगे बढ़ाई, पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग सड़क पर उछलकर गिर पड़े। खुशी और पिंकी सड़क के दाहिने हिस्से में गिरीं, जहां ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इंद्रजीत और तीन वर्षीय मासूम बच्ची दूसरी ओर गिरे, जिससे बच्ची के पैरों में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल पिता-पुत्री को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपे गए, तो उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक महिलाओं के शरीर से सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। परिजनों के अनुसार, महिलाओं के पास झुमकी, मंगलसूत्र और सोने की चेन जैसे आभूषण थे, लेकिन शव मिलने पर ये नहीं मिले। एक महिला के पैरों में केवल पायल ही पाई गई। इस मामले को लेकर परिजनों में नाराजगी बढ़ गई है। उन्होंने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि फरार ट्रक चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। साथ ही आभूषण गायब होने के आरोप की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।